देहरादून ,
उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी लैंडिंग के जरिए सुरक्षित उतार लिया।
मिली जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी समस्या सामने आई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने नजदीकी सुरक्षित स्थान चुनते हुए हेलीकॉप्टर को श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर उतार दिया।
हेलीकॉप्टर के उतरते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तुरंत श्रीनगर के पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है और खराबी की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग कर ली गई, जिससे किसी भी तरह की बड़ी दुर्घटना टल गई।
फिलहाल राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति साफ नहीं है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही उनकी अगली यात्रा को लेकर फैसला लिया जाएगा।