देहरादून ,
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात लूट की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश की मौत हो गई जबकि थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूटकर गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल अवस्था में देवराज नामक व्यक्ति मिला, जिसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे करीब ₹2 लाख, मोबाइल, डायरी और अन्य दस्तावेज लूट लिए और उसे गोली मारकर फरार हो गए।
घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।
मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी Naresh Rathore को गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी Naresh Rathore को पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान घायल बदमाश की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है और जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।