देहरादून ,
राज्य में संभावित खराब मौसम, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जनपदों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 4 और 5 मई 2026 के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज से अति तेज बारिश और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 2 से 6 मई तक राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव टीमों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है।
संबंधित विभागों जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को मार्ग बाधित होने पर तुरंत बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्राम स्तर तक अधिकारियों को सक्रिय रहने, आपदा उपकरण तैयार रखने और संचार माध्यम चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।