उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, पहले दिन ढाई लाख से अधिक गणना फार्म वितरित

देहरादून ,

उत्तराखंड में सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को नैनीताल स्थित लोक भवन में तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देहरादून में गणना फार्म सौंपा गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने भी गणना फार्म भरकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सौंपे।

राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी भरे गणना फार्म

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी पहले दिन गणना फार्म प्राप्त किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को देहरादून में, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को पौड़ी में, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रदेश महासचिव राजकुमार पुरोहित तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश सचिव जसपाल सिंह को भी गणना फार्म वितरित किए गए।

पहले दिन 2.55 लाख से अधिक फार्म वितरित

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि अभियान के पहले दिन शाम 4 बजे तक प्रदेशभर में 2 लाख 55 हजार 269 गणना फार्म वितरित किए जा चुके थे। उन्होंने मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग करने और अभियान को सफल बनाने की अपील की।

पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से गणना फार्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ किसी भी प्रकार के दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।

सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी जिलों में निर्वाचन विभाग की सहायता उपलब्ध रहेगी। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तर पर 1800-3300-1950 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ के साथ सहयोग करें और समय पर गणना फार्म भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *