देहरादून को मिला नया नेतृत्व – डॉ. आशीष चौहान ने संभाली जिलाधिकारी की कमान – uttarakhandawaaz.in

देहरादून को मिला नया नेतृत्व – डॉ. आशीष चौहान ने संभाली जिलाधिकारी की कमान

देहरादून ,

देहरादून जनपद को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को विधिवत रूप से जिलाधिकारी का कार्यभार संभाल लिया। वहीं पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल का स्थानांतरण सचिवालय में किया गया है।

कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व डॉ. चौहान ने कोषागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अभिलेखों के सुरक्षित संरक्षण और पेंशनरों के सत्यापन को डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

नव नियुक्त जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने चारधाम यात्रा प्रबंधन को सशक्त बनाने, आपदा प्रबंधन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता जताई।

इससे पहले सविन बंसल ने सितंबर 2024 से अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासन को जनसरोकारों से जोड़ने की दिशा में कई पहलें कीं। बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए शुरू की गई ‘नंदा-सुनंदा’ पहल विशेष रूप से चर्चा में रही। इसके अलावा भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने वाले बच्चों के पुनर्वास के लिए भी जिला प्रशासन ने अभियान चलाया।

जनसुनवाई, त्वरित शिकायत निस्तारण और जरूरतमंदों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने जैसी पहलों के चलते सविन बंसल को “पीपुल्स एडमिनिस्ट्रेटर” के रूप में पहचान मिली। उनके स्थानांतरण पर अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने भावुक विदाई दी।

डॉ. आशीष चौहान इससे पूर्व पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और पौड़ी जैसे चुनौतीपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।

पौड़ी में उनके नेतृत्व में शुरू किया गया ‘सेफ सफर ऐप’ सड़क सुरक्षा की दिशा में अभिनव पहल माना गया, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं में ‘काव्या ऐप’ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रभावी साबित हुआ।

पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में भी उनके नेतृत्व में कई योजनाएं शुरू की गईं। पौड़ी में हिमालय दर्शन स्थल के पास विकसित किया जा रहा ‘त्रिशूल पार्क’ उनकी दूरदर्शी सोच का उदाहरण माना जा रहा है, जहां 56 फीट ऊंचा भव्य त्रिशूल स्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *