देहरादून पुलिस ने बुजुर्ग महिला का खोया पर्स लौटाया, महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आई थीं श्रद्धालु

देहरादून ,

देहरादून में पुलिस की तत्परता और ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आई एक बुजुर्ग महिला का खोया हुआ पर्स पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोजकर उन्हें सुरक्षित वापस लौटा दिया।

पुलिस के अनुसार बुजुर्ग महिला के पर्स में करीब 50 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नियुक्त पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र निवासी सौभाग्य पांडे अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर आई थीं। वे मसूरी रोड पर फोटो खिंचवाने के लिए रुकी थीं। इसी दौरान उनका पर्स पास में खड़ी एक अज्ञात बाइक के पीछे रख दिया गया, जिसे फोटो खिंचवाने के बाद वह वहीं भूल गईं।

कुछ देर बाद पर्स गायब मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक का नंबर ट्रेस किया। जांच में पता चला कि बाइक सवार पर्स को अनजाने में अपने साथ ले गया था।

पुलिस ने बाइक मालिक से संपर्क कर उसे चौकी बुलाया। बाइक के पीछे लगे हैंडल पर पर्स सुरक्षित अवस्था में मिला, जिसे जांच के बाद महिला को सुपुर्द कर दिया गया। पर्स में रखी नकदी और सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित पाए गए।

बुजुर्ग महिला और उनके परिवार ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *