सीएम हेल्पलाइन पर बंद शिकायतों की होगी स्थलीय जांच, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश – uttarakhandawaaz.in

सीएम हेल्पलाइन पर बंद शिकायतों की होगी स्थलीय जांच, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

फोर्स क्लोज के मामले पर डीएम सख्त, गलत तरीके से शिकायत बंद करने पर तय होगी जिम्मेदारी

देहरादून,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बंद की गई शिकायतों की स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक रूप से समाधान हुआ है।

इसी क्रम में विकासखंड डोईवाला के वार्ड संख्या-9, रेशम माजरी में सड़क के गड्ढों से संबंधित शिकायत की स्थलीय जांच कराई गई। जांच के दौरान पाया गया कि सड़क की कुछ माह पूर्व मरम्मत की गई थी, लेकिन मौके पर अभी भी गड्ढे मौजूद हैं। सड़क की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। वहीं, ग्रामीणों ने बरसात के दौरान जलभराव की आशंका भी जताई।

समस्या के बने रहने के बावजूद शिकायत को बंद किए जाने के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग को सड़क की वर्तमान स्थिति तथा पूर्व में किए गए कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बिना समाधान शिकायत बंद करने पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन पर किसी शिकायत का निस्तारण केवल पोर्टल पर उसे बंद कर देने से नहीं माना जाएगा। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि बिना समाधान के शिकायतों को ‘फोर्स क्लोज’ करने के मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में जिस अधिकारी अथवा कर्मचारी की जिम्मेदारी सामने आएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘फोर्स क्लोज’ न किया जाए। शिकायत बंद करने से पहले समस्या का समाधान और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *