देहरादून में जनता दरबार में पहुँचीं 201 शिकायतें, प्रशासन ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून ,

देहरादून में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई/जनता दरबार में नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 201 शिकायतें प्राप्त हुईं।

शिकायतों में संपत्ति विवाद, अतिक्रमण, सड़क सुरक्षा, पेयजल समस्या, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और स्कूल फीस जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।

जनसुनवाई में कई गंभीर व्यक्तिगत मामले भी सामने आए। एक वृद्ध महिला ने पड़ोसी पर दुकान और मकान हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया, जबकि कैंसर पीड़ित महिला ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। कुछ ग्रामीण क्षेत्रों से जलभराव, खुले बिजली तार, झुके विद्युत खंभे और अतिक्रमण से बाधित मार्गों की शिकायतें भी सामने आईं।

प्रशासन ने बिजली विभाग, नगर निगम, जल संस्थान, पुलिस और राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आर्थिक सहायता और चिकित्सा सहायता से जुड़े मामलों की जांच के आदेश भी जारी किए गए।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान प्रक्रिया शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *