उत्तराखंड पुलिस का एक्शन: पिता की वर्दी और पी-कैप का रौब दिखाना पड़ा भारी

देहरादून ,

चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए देहरादून पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर पुलिस ने एक वैगनआर कार (UP 15 DZ 2906) को रोककर जांच की, जिसके डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे की सीट पर उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी मिली।

वाहन चालक ने अपनी पहचान विनय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। जांच में वह नशे की हालत में वाहन चलाता पाया गया। कार में उसके साथ तीन अन्य युवक भी मौजूद थे।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर तैनात हैं। टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य जगहों पर पुलिस से जुड़ा होने का रौब दिखाने के उद्देश्य से वह अपने साथ वर्दी और पी-कैप रखता था।

पुलिस ने युवक को नशे में वाहन चलाने और नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जबकि वाहन को सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

दून पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि पुलिस वर्दी या प्रतीकों का गलत इस्तेमाल कर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *