केदारनाथ धाम में बीपीसीएल अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। “देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय” की भावना से संचालित होने वाला यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च हिमालयी क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में निरंतर काम कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निःशुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल, बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *