उत्तराखण्ड सीबीसीआईडी की बड़ी कार्रवाई, धेनु ग्रुप धोखाधड़ी मामले का ₹50 हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार

देहरादून ,

उत्तराखण्ड सीबीसीआईडी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए धेनु ग्रुप धोखाधड़ी मामले के मुख्य अभियुक्त और ₹50,000 के ईनामी आरोपी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया कि अभियुक्त देवेन्द्र प्रकाश तिवारी कानपुर स्थित धेनु ग्रुप की विभिन्न कंपनियों का निदेशक है और पिछले छह वर्षों से निवेशकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

इससे पूर्व धेनु ग्रुप के एक अन्य मुख्य आरोपी अनिल कुमार तिवारी को दिसंबर 2025 में मुंबई से गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में 6 मई 2026 को सीबीसीआईडी के निरीक्षक वेद प्रकाश थपलियाल के नेतृत्व में उत्तराखण्ड एसटीएफ और कानपुर एसटीएफ की संयुक्त टीम ने थाना डोकी क्षेत्र में अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हरिद्वार के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सीबीसीआईडी के अनुसार धेनु एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से जुड़े सभी छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। दोनों सगे भाइयों देवेन्द्र और अनिल तिवारी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कानपुर, बरेली, लखीमपुर खीरी और जालौन समेत विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *