देहरादून
देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय परियोजना समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया गया।
बैठक में पिटकुल और यूपीसीएल द्वारा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने से संबंधित 13 प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि पुराने कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, उसके बाद ही नए प्रस्तावों को अनुमति दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़कों पर चल रहे कार्यों को तेजी देने के लिए पर्याप्त संसाधन लगाए जाएं और जरूरत पड़ने पर डबल शिफ्ट में काम कर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां थर्ड पार्टी निरीक्षण और लोक निर्माण विभाग के साथ संयुक्त सर्वे के बाद शीघ्र ब्लैकटॉप किया जाए।
सुरक्षा को लेकर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि खुदाई के बाद सड़क को तुरंत दुरुस्त किया जाए और किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं होगी। खुदाई स्थलों पर बैरिकेडिंग और साइनबोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है, साथ ही रात में की गई खुदाई को सुबह तक भरना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति से अधिक रोड कटिंग, अधूरी खुदाई छोड़ने या सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर प्रशासन जब्ती और मुकदमा दर्ज करने से पीछे नहीं हटेगा।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में देरी या अव्यवस्था के कारण आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए, अन्यथा संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।