देहरादून ,
देहरादून में दो वर्ष पूर्व हुए सड़क हादसे के मामले में देहरादून पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला 19 फरवरी 2024 का है, जब डालनवाला निवासी ललिता चौधरी ने थाना प्रेमनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक अज्ञात डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पुत्र को टक्कर मार दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में पुलिस ने धारा 279/304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
प्रारंभिक जांच में पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने अदालत में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। हालांकि, मृतक की माता द्वारा देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय को प्रार्थना पत्र देकर मामले की पुनः जांच की मांग की गई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने न्यायालय से पुनर्विवेचना की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद गठित टीम ने पुराने साक्ष्यों के साथ-साथ नए तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन (यूके-07-सीबी-6929) को कब्जे में लिया और 5 मई 2026 को आरोपी चालक दल बहादुर निवासी बाढ़वाला, विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हादसे के बाद उसने वाहन मालिक को घटना की जानकारी दे दी थी, जिसके बाद उसे दूसरे वाहन पर काम करने के लिए कहीं और भेज दिया गया था। पुलिस अब इस मामले में सामने आए एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई को लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे पीड़ित परिवार के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।