देहरादून ,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नेतृत्व में दून पुलिस को बैरागीवाला हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अमन सहित तीन आरोपियों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 की शाम सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी।
घटना के बाद मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर बनी थीं विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस और एसओजी टीमों का गठन किया गया। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में लगातार दबिश दी जा रही थी।
हरियाणा के होटल से दबोचे गए आरोपी
लगातार की जा रही तलाश के दौरान पुलिस को सफलता मिली और गुरुवार को मुख्य आरोपी अमन को उसके दो साथियों सावेज और आजम के साथ हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।
नवीन गिरफ्तार आरोपी
- अमन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बैरागीवाला, सहसपुर
- सावेज (21 वर्ष), निवासी ग्राम बैरागीवाला, सहसपुर
- आजम, निवासी ग्राम बैरागीवाला, सहसपुर
पहले गिरफ्तार हो चुके छह आरोपी
इससे पहले पुलिस रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इन गिरफ्तारियों के साथ अब इस हत्याकांड में कुल नौ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
इन टीमों ने निभाई अहम भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में कोतवाली सहसपुर और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत और एसओजी प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे ने किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, अशोक कुमार, विनोद राणा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।