फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें, तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील
देहरादून ,
जनपद में स्वाइन फ्लू संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने शुक्रवार को आम जनमानस के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की। उन्होंने लोगों से फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने तथा तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
सीएमओ ने बताया कि संक्रमण की गंभीरता एवं उसके प्रसार को ध्यान में रखते हुए इसे तीन कैटेगरी में विभाजित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।
स्कूली बच्चों को लेकर विशेष सतर्कता
डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने स्कूली विद्यार्थियों और अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर बच्चों को स्कूल भेजते समय मास्क लगाकर भेजें। यदि किसी बच्चे में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे स्कूल न भेजें और तत्काल चिकित्सक से जांच एवं आवश्यक परामर्श कराएं।
सीएमओ ने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए समय पर पहचान और चिकित्सकीय सलाह बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों एवं आमजन से अपील की कि लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।
District Information Officer _regarding H1N1 control and awareness
