₹8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण – uttarakhandawaaz.in

₹8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण

मियांवाला में पुराने तालाब का हुआ पुनर्जीवन, आइलैंड और पेडल बोटिंग बने आकर्षण का केंद्र

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत मियांवाला, देहरादून में लगभग ₹8 करोड़ 64 लाख की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को नए पार्क की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए इसे स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में इस सुंदर पार्क का विकास प्रसन्नता का विषय है। ‘जल सृष्टि पार्क’ में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का बेहतर समन्वय किया गया है। पार्क को बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

पुराने तालाब को नया जीवन, बीच में बनाया गया आइलैंड

पार्क के निर्माण की सबसे खास बात यह है कि यहां मौजूद पुराने तालाब को खत्म करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया है। तालाब के बीच में आकर्षक आइलैंड विकसित किया गया है, जबकि लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पार्क की यह व्यवस्था क्षेत्रवासियों को प्राकृतिक वातावरण के बीच मनोरंजन का नया अनुभव प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल को केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं माना गया, बल्कि इन्हें जीवन और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा समझा गया है। ऐसे में पुराने तालाबों और जल स्रोतों का पुनर्जीवन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हमारी प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि सरकार पार्क का निर्माण कर सकती है और उसमें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उसे लंबे समय तक स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पार्क की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

जॉगिंग ट्रैक से योगा डेक तक आधुनिक सुविधाएं

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि ₹8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ को बहुआयामी हरित एवं मनोरंजन स्थल के रूप में तैयार किया गया है। यहां पुराने तालाब के पुनर्जीवन के साथ उसके आसपास आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है।

पार्क में सुबह-शाम भ्रमण एवं दौड़ने के लिए जॉगिंग ट्रैक, योग के लिए योगा डेक, बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क, फूलों एवं वनस्पतियों की जानकारी देने वाला एजुकेशनल फ्लावर गार्डन, आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की सुविधाएं विकसित की गई हैं।

तालाब के मध्य बनाए गए आइलैंड और पेडल बोटिंग की सुविधा पार्क को विशेष आकर्षण प्रदान करती है। इस प्रकार पुराने जल स्रोत के संरक्षण को आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ जोड़ते हुए एमडीडीए ने ऐसा पार्क विकसित किया है, जहां पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्राकृतिक सौंदर्य एक साथ देखने को मिलता है।

‘जल सृष्टि पार्क’ देहरादून में हरित एवं पर्यावरण अनुकूल शहरी विकास की दिशा में एमडीडीए की पहल का एक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *