देहरादून ,
जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिलाधिकारी ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने 27 अप्रैल 2026 को सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा।
प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, क्योंकि आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना है। ऐसी स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।