सीएम धामी महिला जन आक्रोश रैली में शामिल, हजारों महिलाओं संग पदयात्रा

देहरादून ,

देहरादून में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने हजारों महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर तक पदयात्रा में भी हिस्सा लिया।

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिकार दिलाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया था, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि षड्यंत्र के तहत महिलाओं के अधिकारों को रोका गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप योजना और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। साथ ही, महिलाओं की सुरक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, हिमानी और रश्मि रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *