देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
भेंट के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले हेमकुंड साहिब यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी की जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने जानकारी दी कि 20 मई को यात्रा के पहले जत्थे का पारंपरिक रूप से पंज प्यारों के नेतृत्व में प्रस्थान होगा। उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि के दर्शन करेंगे।