मन की बात कार्यक्रम से मिल रही देशवासियों को नई प्रेरणा: पुष्कर सिंह धामी

देहरादून ,

रविवार को मोथरोवाला में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक साबित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “मन की बात” के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों, नवाचारों, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़ी उपलब्धियों को सामने लाते हैं। इससे लोगों को आगे बढ़ने और कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आम लोगों के प्रयासों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है। इससे समाज में सकारात्मक बदलाव का वातावरण भी बन रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि यह कार्यक्रम लगातार जारी है और करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उन्होंने मेहनत और लगन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि परिश्रम करने वालों को हमेशा सफलता मिलती है।

इसके साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। विज्ञान, रक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में देश उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्माण कर उन्हें अन्य देशों को निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *