देहरादून ,
राजधानी देहरादून में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर क्षेत्र में संचालित एक हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक अमेरिकी नागरिक सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में जुए का सामान, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि हैलीपेड क्षेत्र के पास स्थित एक निजी मकान में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी डालनवाला Nitin Lohani के नेतृत्व में थाना राजपुर और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने हैलीपेड के पीछे क्रिस ज्योति स्कूल मार्ग स्थित मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मकान के एक कमरे में चार अलग-अलग टेबलों पर जुआ खेलते हुए 13 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में अमेरिका के ओरेगन राज्य का एक नागरिक भी शामिल है, जो वर्तमान में देहरादून की तिब्बती कॉलोनी में रह रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस (पासे), 118 जुआ चिप्स, 1 लाख 52 हजार 870 रुपये नकद तथा 41 अमेरिकी डॉलर बरामद किए। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर सभी आरोपितों के खिलाफ थाना राजपुर में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सघन अभियान जारी है। राजपुर क्षेत्र में हुई यह कार्रवाई अवैध जुए के नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध अड्डों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।