देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर महंगाई नियंत्रण को लेकर उत्तराखण्ड मंडी परिषद ने कमर कस ली है। बुधवार को मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर “डब्बू” की अध्यक्षता में अधिकारियों और सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें आम जनता को फल, सब्जी और आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक मंडी समिति में 5-5 बड़े रिटेलर काउंटर खोले जाएंगे। इन काउंटरों के माध्यम से लोगों को सस्ती दरों पर फल, सब्जियां और दैनिक जरूरत का सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा, बाजार में कीमतों पर निगरानी के लिए 3 सदस्यीय सचल दल (मोबाइल टीम) का गठन किया जाएगा, जो प्रतिदिन बाजार का निरीक्षण कर फल और सब्जियों के खुदरा भाव का आकलन करेगा और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेगा।
मंडी परिषद ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी खुदरा व्यापारियों को लाइसेंस जारी किया जाए, ताकि कीमतों पर नियंत्रण रखा जा सके और उपभोक्ताओं को महंगाई का सामना न करना पड़े। साथ ही, मोबाइल वैन के जरिए भी सस्ती दरों पर सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यदि कोई व्यापारी अधिक कीमत वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निदेशक मंडी परिषद हेमंत वर्मा, महाप्रबंधक निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य मंडियों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
प्रशासन का उद्देश्य है कि आम जनता और पर्यटकों को महंगाई से राहत मिले और उन्हें उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हो सकें।