देहरादून ,
राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को एक अनूठा जागरूकता अभियान चलाया गया। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) और दून यूनिवर्सिटी के छात्रों ने मिलकर शहर के 65 प्रमुख चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
स्कूल के छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ बैनर और घोषणा-पत्र लेकर चौराहों पर खड़े रहे और वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। बच्चों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न सिर्फ अपनी बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
इस अभियान में सीबीएसई के रीजनल ऑफिसर मनोज कुमार गुप्ता और देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने भी पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। दोनों अतिथियों ने छात्रों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी ने भी प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा शुरू किया गया यह अभियान पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस मुहिम में बीडी विनोद असवाल (कन्वीनर जनाक्रोश), प्रोफेसर एच.सी. पुरोहित और प्रोफेसर डोभाल (दून यूनिवर्सिटी) तथा अंजलि और अंशी बीर (दुर्गा मेमोरियल ट्रस्ट) ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
शहरवासियों ने बच्चों की इस पहल की सराहना की और उनके साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साह बढ़ाया। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रखा जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर में बेहतर यातायात संस्कृति विकसित हो सके।