चकराता में स्कूल से गायब शिक्षक निलंबित, शिक्षा मंत्री ने लिया संज्ञान

देहरादून ,

 जनपद के चकराता विकासखण्ड अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय डिरनाड़ में तैनात सहायक अध्यापक हरपाल सिंह को विद्यालय से अनुपस्थित रहने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच के बाद की गई है।

उप शिक्षा अधिकारी चकराता द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि शिक्षक हरपाल सिंह बिना किसी अवकाश स्वीकृति के विद्यालय से अनुपस्थित थे। साथ ही यह भी सामने आया कि उन्होंने पहले ही उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर दर्ज कर दिए थे और बाद में विद्यालय से अनुपस्थित रहे।

मामले का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। जांच रिपोर्ट में 6 और 7 अप्रैल 2026 को शिक्षक के बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतें भी सही पाई गईं।

उक्त आरोपों को लेकर शिक्षक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) ने हरपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर बीईओ कार्यालय चकराता से संबद्ध कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को मामले का जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए सभी पक्षों की सुनवाई कर 30 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *