ईद और चारधाम यात्रा को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

देहरादून,

आगामी ईद पर्व और चारधाम यात्रा के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता होगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनपद को दो सुपर जोन, छह जोन और 17 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही मोबाइल पार्टियां लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी है। किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें 24 घंटे मॉनिटरिंग कर रही हैं।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

देहरादून पुलिस ने साफ किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *