उत्तराखंड गौरव सम्मान समारोह में विकास, संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर मंथन

देहरादून ,

एक निजी होटल में आयोजित मासिक पत्रिका के सम्मान समारोह एवं मंथन कार्यक्रम “उत्तराखंड का दशक : चुनौतियां और संभावनाएं” में विकास, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक मूल्यों पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, संचार और बुनियादी संसाधनों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा सरकार का उद्देश्य विकास की किरणों को सीमांत गांवों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को मूलभूत समस्याओं से राहत दिलाने और जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार, संसाधन और रोजगारपरक योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि “यह दशक उत्तराखंड का होगा” और राज्य देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1962 में एशियन गेम्स में भारत को बॉक्सिंग में पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी पदम बहादुर मल्ल तथा प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. जयंत नवानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि एवं मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने कहा कि समाज में जीवन मूल्यों का क्षरण चिंता का विषय है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नैतिक संस्कार देने और पंचतंत्र जैसी प्रेरणादायक कहानियां सुनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का संस्कारवान होना समाज के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक है।

बंशीधर तिवारी ने प्रदेश की बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्द्धन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए समाज को जागरूक होना होगा। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है तथा स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में शैलेंद्र सिंह नेगी ने जनहित में संचालित योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की पहुंच पर प्रकाश डाला। वहीं डा. आशुतोष सयाना ने चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज शुरू होने जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों की 20 विभूतियों को “उत्तराखंड गौरव” सम्मान प्रदान किया गया, जबकि 35 अन्य लोगों को उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम में सत्यशरण कोठियाल, जेपी ममगाई, यदुवीर रावत, उमेश रावत, राकेश कुकरेती, कमला पंत, इरा कुकरेती, सुरेश डंडरियाल, सुशील सिंह तथा वैभव गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *