मुख्यमंत्री धामी ने CSR पहल के तहत 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस को किया रवाना

देहरादून ,

पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से HDFC Bank की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत जनहित में प्रदान की गई चार अत्याधुनिक एम्बुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। यह पहल राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं द्वारा जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है तथा एचडीएफसी बैंक द्वारा उपलब्ध कराई गई ये एम्बुलेंस जरूरतमंद लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एचडीएफसी बैंक की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की स्थितियों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी।

उन्होंने राज्य के अन्य पर्वतीय जनपदों तथा आगामी हरिद्वार कुंभ के लिए भी CSR के माध्यम से और एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।

बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। साथ ही आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में चिकित्सक, नर्स, अटेंडेंट एवं चालक की व्यवस्था भी बैंक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

प्रारंभिक चरण में ये एम्बुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ एवं रुद्रप्रयाग जनपदों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। भविष्य में इनका उपयोग राज्य के प्रमुख धार्मिक आयोजनों एवं आपदा प्रबंधन कार्यों में भी किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, एचडीएफसी बैंक के मुस्कान सिंह, संजीव कौशिक, बकुल सिक्का, गौरव जैन तथा आयुष सिंघल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *