उत्तराखंड में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, पैनिक बाइंग से बचें : तेल विपणन कंपनियां

देहरादून ,

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों — Hindustan Petroleum Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited तथा Indian Oil Corporation Limited — ने उत्तराखंड के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि प्रदेश में पेट्रोल (एमएस), डीज़ल (एचएसडी) और रसोई गैस (एलपीजी) सहित सभी आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है।

सोमवार को जारी संयुक्त बयान में कंपनियों ने बताया कि उत्तराखंड में ईंधन आपूर्ति की समग्र स्थिति स्थिर और पर्याप्त है। टर्मिनलों एवं डिपो से लेकर रिटेल आउटलेट्स तक संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला सुचारु रूप से संचालित हो रही है तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। राज्य के सभी स्थानों पर ईंधन स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकतानुसार पुनःपूर्ति का कार्य नियमित रूप से जारी है।

कंपनियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है तथा राज्यभर में इसकी उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। उपभोक्ताओं तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर लगातार निकटता से नजर रखी जा रही है।

कृष्ण कुमार गुप्ता ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि चिंता की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद अथवा संग्रहण यानी पैनिक बाइंग से बचें।

उन्होंने यह भी कहा कि ईंधन उपलब्धता से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही विश्वास किया जाए, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *