देहरादून ,
क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, लक्सर निवासी जितेंद्र कुमार ने थाना क्लेमेंटटाउन में तहरीर देकर बताया था कि 21 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे टर्नर रोड स्थित अर्थव विला में चैतन्य राज शेखर, उदित, शिवांश अग्रवाल और 6-7 अज्ञात साथियों ने उनके पुत्र शिवा तथा उसके दोस्तों रुद्र प्रताप और पुष्कर के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला किया। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आई थीं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्य जुटाए। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- चैतन्य राज शेखर, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
- उदित, उम्र 22 वर्ष, निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश।
- शिवांश अग्रवाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी लक्सर, हरिद्वार।
- रोहित, उम्र 23 वर्ष, निवासी लक्सर, हरिद्वार।
पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक तनुजा शर्मा, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल राजीव कुमार ने कार्रवाई को अंजाम दिया।