पीएम मोदी की ऊर्जा बचत अपील पर विपक्ष का विरोध राष्ट्रहित के खिलाफ : महेंद्र भट्ट

देहरादून,

भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की ऊर्जा संरक्षण संबंधी अपील पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए इसे राष्ट्रहित के विरुद्ध बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री की ऊर्जा बचत और मितव्ययता की अपील के साथ खड़ा है, जबकि विपक्ष अनावश्यक राजनीति कर रहा है।

मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं की आपत्तियों को गैरजरूरी, नकारात्मक और देशविरोधी राजनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस समय खाड़ी संकट, रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, जिससे भारत भी प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और प्रभावी कूटनीति के चलते देश में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी की उपलब्धता एवं कीमतों को नियंत्रित रखा गया है।

उन्होंने कहा कि दुनिया के अधिकांश देशों में ईंधन और गैस की कीमतों में औसतन 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है तथा कई स्थानों पर इनके उपयोग पर प्रतिबंध तक लगाए गए हैं, लेकिन भारत में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को देशवासियों को मिली राहत और बचत रास नहीं आ रही है।

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि विपक्षी नेताओं को अधिक ईंधन खर्च करना है या फिजूलखर्ची करनी है तो उन्हें कोई रोक नहीं रहा है, लेकिन देश का आम नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए ऊर्जा संरक्षण और सीमित संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के पक्ष में खड़ा है।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर पूरा विश्वास करती है और ईंधन खर्च तथा स्वर्ण खरीदारी में संयम बरतने की अपील का समर्थन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *