जनमिलन कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़, डीएम सविन बंसल ने सुनीं 300 से अधिक शिकायतें

देहरादून ,

सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन मिलन/जन दर्शन कार्यक्रम में आम जनता की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, मुआवजा, राशन कार्ड, बिजली, पेयजल, आर्थिक सहायता और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी 300 से अधिक शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचीं।

डीएम सविन बंसल ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जन सुनवाई के दौरान कई भावुक और गंभीर मामले भी सामने आए। प्रेमनगर के शिवपुरी निवासी सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे और बहू ने उन्हें घर से निकाल दिया है तथा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं वरिष्ठ नागरिक कमल नयन भुटानी ने अपने भाइयों द्वारा संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर डीएम ने जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनमिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *