देहरादून ,
उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता Bhuvan Chandra Khanduri मेजर जनरल (से.नि.) भूवन चन्द्र खण्डूड़ी के निधन पर Shri Guru Ram Rai University एवं एसजीआरआर एजुकेशन मिशन परिवार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके निधन को उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डाॅ) के. प्रतापन ने कहा कि मेजर जनरल खण्डूड़ी एक कर्मयोगी, दूरदर्शी एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले जननेता थे। उनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन, ईमानदारी और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व सादगी, अनुशासन और सेवा भाव का अद्भुत संगम था।
एसजीआरआर परिवार ने बताया कि मेजर जनरल भूवन चन्द्र खण्डूड़ी का दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज से विशेष आत्मीय जुड़ाव था। वे समय-समय पर स्वयं श्री दरबार साहिब पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी लेते थे तथा जनहित और सेवा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मार्गदर्शन देते थे। उनकी संवेदनशीलता, सहजता और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
विश्वविद्यालय एवं एसजीआरआर एजुकेशन मिशन परिवार ने कहा कि खण्डूड़ी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं सेवा कार्यों को सदैव प्रोत्साहित किया। वे एसजीआरआर ग्रुप द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते थे। उनका मार्गदर्शन और स्नेह संस्थान परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
मेजर जनरल भूवन चन्द्र खण्डूड़ी वर्ष 2007 में पहली बार उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री बने और मार्च 2007 से जून 2009 तक राज्य का नेतृत्व किया। इसके बाद वर्ष 2011 में उन्होंने पुनः मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। अपने कार्यकाल में उन्होंने पारदर्शिता, सुशासन और विकास को नई दिशा प्रदान की। वे एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
एसजीआरआर परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के साथ उन्हें शत-शत नमन किया।