देहरादून ,
उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अब सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री परिवर्तन की अफवाहें फैलाने और जनमानस को गुमराह करने वाले तत्वों पर शिकंजा कसते हुए, देहरादून पुलिस ने तीन फेसबुक पेजों के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह कार्रवाई भाजपा के जिलाध्यक्ष, श्री सिद्धार्थ अग्रवाल द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत के मुताबिक, फेसबुक पेज “आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति”, “उत्तराखण्ड वाले”, और “जनता जन आंदोलन इरिटेड” पर मुख्यमंत्री परिवर्तन से संबंधित झूठी और भ्रामक पोस्ट शेयर की गई थीं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इन पेज संचालकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, सोशल मीडिया पर सक्रिय सभी अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी दी गई है कि यदि वे भविष्य में ऐसी पोस्ट करेंगे, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि वे सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी कर रहे हैं, ताकि प्रदेश में शांति और सरकारी कामकाज प्रभावित न हो।
इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि उत्तराखंड पुलिस सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी अफवाह या गलत सूचना को बर्दाश्त नहीं करेगी।