शादी के चार माह बाद दहेज के लिए पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार

देहरादून ,

नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। विवाह के महज चार महीने बाद ही आरोपी ने पत्नी की कथित तौर पर कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को रुद्रप्रयाग निवासी सलमान आसिफ ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शाहबाज आलम से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

शिकायत में बताया गया कि 3/4 मार्च की रात ससुराल पक्ष द्वारा कहकशा को महंत इंद्रेश अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया। परिजनों ने पति और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया।

पुलिस जांच और पूछताछ में आरोपी शाहबाज आलम ने बताया कि उसका विवाह उसकी इच्छा के विरुद्ध कराया गया था और वह पत्नी के कम पढ़ी-लिखी होने से खुश नहीं था। साथ ही शादी में कम दहेज मिलने के कारण उसका और उसके परिवार का व्यवहार कहकशा के प्रति बदल गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। योजना के तहत 3 मार्च की रात पत्नी के सोने के बाद उसने कंबल से उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। बाद में वह उसे महंत इंद्रेश अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले को बीमारी से हुई मौत बताने की योजना थी, लेकिन अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
शाहबाज आलम (29 वर्ष), पुत्र मोहम्मद यामीन, निवासी सी-36 रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून। मूल निवासी ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश)।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *