होली की आड़ में छेड़खानी और मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून ,

होली के दौरान हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को राजीव नगर निवासी एक युवक ने थाना नेहरू कॉलोनी में लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि होली के दौरान वह अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर मुख्य सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उसकी एक महिला मित्र के साथ छेड़खानी करते हुए बदतमीजी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर घटना में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विकास रावत (40 वर्ष), पुत्र डी.एस. रावत, निवासी गंगोत्री निवास, राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून।

  2. संजीव नेगी (30 वर्ष), पुत्र भगत सिंह नेगी, निवासी 232 दीप नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *