दहेज हत्या मामले में पति और ननद गिरफ्तार, मृतका के वीडियो ने खोले प्रताड़ना के राज

देहरादून

डोईवाला क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत और दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मृतका द्वारा अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो अहम साक्ष्य के रूप में सामने आया है, जिसमें उसने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कण्डारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी, जिसका विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था, को विवाह के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति, सास और ननद ने मिलकर उनकी पुत्री की हत्या कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान वादिनी एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को घटना से पहले बेटी द्वारा भेजा गया एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसमें सृष्टि ने ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने की जानकारी दी थी।

प्राप्त साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने शनिवार, 1 अगस्त 2026 को मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) शामिल हैं। दोनों को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *