देहरादून ,
जिला चिकित्सालय देहरादून में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। क्षेत्र के लोगों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर के दूसरे दिन तक कुल 931 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 488 पुरुष एवं 443 महिलाएं शामिल रहीं।
शिविर के दौरान 174 लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 33 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) की गई। वहीं 41 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा 21 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 16 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 20 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श दिया गया।
शिविर में प्रयोगशाला के माध्यम से 258 लोगों की हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी एवं लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 87 एक्स-रे तथा 59 अल्ट्रासाउंड जांचें भी सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आमजन को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने लोगों से भविष्य में भी ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।