मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता की मांग, कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून ,

विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष चौहान को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अभियान के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची उपलब्ध कराने तथा नोटिस के उत्तर एवं आवश्यक दस्तावेज जमा करने की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 19 लाख मतदाताओं को विभिन्न कारणों से नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जनपद देहरादून के सभी नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दल संबंधित मतदाताओं तक समय पर जानकारी पहुंचाकर उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकें।

डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता हैं जिन्हें नोटिस का जवाब देने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए बहुत कम समय मिला है। सीमित अवधि के कारण अनेक लोग जरूरी दस्तावेज समय पर एकत्र नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। केवल समयाभाव के कारण किसी भी मतदाता को असुविधा या मतदाता सूची से वंचित होने जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।

महानगर कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए तथा नोटिस के उत्तर और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने की समय-सीमा में उचित वृद्धि की जाए, ताकि सभी प्रभावित नागरिक पर्याप्त समय के भीतर अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रख सकें।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, जितेन्द्र तनेजा, राजेश पुंडीर, अल्ताफ अहमद, सलमान, वीरेन्द्र पंवार, संजय उनियाल, मनीष गर्ग सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *