साफ–सुथरी व्यवस्था से राहत, यात्रियों और दुकानदारों ने की खुलकर सराहना
देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देहरादून आईएसबीटी के औचक निरीक्षण के बाद बस अड्डे की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद आईएसबीटी में सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाएं, टिकट काउंटर प्रबंधन, बस संचालन व सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे यात्रियों को राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में आईएसबीटी पहुंचकर सफाई, यात्रा सुविधाएं और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद बस स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था और यात्री सूचना बोर्ड व अनाउंसमेंट सिस्टम को सुधार कर सुचारू रूप से संचालित किया गया है।
बस अड्डे पर पेयजल और शौचालय के बाहर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी CCTV कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। तैनात सिक्योरिटी गार्ड प्लेटफार्मों पर नियमित चेकिंग करते नजर आते हैं। पार्किंग व्यवस्था को भी सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिससे अव्यवस्था में कमी आई है।
आईएसबीटी में बसों की समयबद्धता और सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद यात्रियों ने सुविधाओं में सकारात्मक बदलाव होने की बात कही। परिसर में बड़े–बड़े साइन बोर्ड, प्लेटफार्म में लगे पत्थरों का पुनर्निर्माण और रोड निर्माण हेतु टेंडर जारी किए जा चुके हैं। आने वाले समय में नए प्लेटफार्म की सुविधा भी यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय दुकानदार सचिन रतूड़ी ने कहा कि सफाई व्यवस्था और यात्री सुविधाओं में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है। आगरा से आए यात्री मोहित बघेल ने कहा कि जिस तरह उत्तराखंड धार्मिक स्थलों के लिए प्रसिद्ध है, उसी तरह बस स्टेशन की व्यवस्थाएं भी अब बेहतर और अनुशासित दिख रही हैं।
आईएसबीटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर केशवानंद गुवाड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद परिसर की सड़कों के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया गया है।