गोवा ,
गोवा के अरपोरा क्षेत्र में एक नाइटक्लब में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें उत्तराखंड के नागरिकों के प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से बात कर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अनुरोध किया कि यदि कोई भी प्रभावित व्यक्ति उत्तराखंड का पाया जाता है तो उनके परिजनों से तुरंत संपर्क कर पहचान, उपचार, सहायता राशि और आवश्यक औपचारिकताओं में प्राथमिकता से मदद प्रदान की जाए। गोवा के मुख्यमंत्री ने सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा और प्रशासनिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।
उत्तराखंड सरकार ने अपने सभी विभागों को सतर्क रहने और किसी भी प्रभावित नागरिक व उनके परिवार को तत्काल हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार गोवा प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और नई जानकारी मिलते ही आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
