वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
उत्तरकाशी ,
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में मोरी थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखण्ड-हिमाचल बॉर्डर से 85 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की कीमत करीब 4.3 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना मोरी पुलिस द्वारा आराकोट स्थित सनेल बैरियर पर चेकिंग अभियान के दौरान हिमाचल की ओर से आ रही पिकअप (HP62-4626) को रोका गया। पुलिस की सक्रियता देख चालक कुछ दूरी पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। जब पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें संतरा मार्का नंबर 1 की 85 पेटी देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने वाहन को मौके पर सीज करते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के लिए बॉर्डर इलाकों में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, नकदी, और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन जैसी किसी भी गतिविधि पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की अपील:
जनता से भी अपील की गई है कि चुनाव को निष्पक्ष बनाये रखने में सहयोग करें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।