देहरादून,
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की हालिया परीक्षा में पेपर लीक की आशंका को लेकर रविवार को कांग्रेस ने प्रदेशभर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण माहरा के आह्वान पर गढ़वाल और कुमाऊं के सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा सरकार और आयोग के खिलाफ प्रदर्शन हुआ तथा पुतला दहन किया गया।
राजधानी देहरादून में हुए मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के “पारदर्शी परीक्षा” कराने के दावे एक बार फिर खोखले साबित हुए हैं। धस्माना ने आयोग अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया के उस बयान पर भी सवाल उठाए जिसमें उन्होंने स्वीकार किया था कि प्रश्नपत्र के तीन पन्ने बाहर आए थे, लेकिन इसे “पेपर लीक” नहीं कहा जा सकता।
धस्माना ने कहा, “यह दुर्भाग्य है कि जिस पार्टी को जनता ने लगातार दूसरी बार सत्ता में भेजा, उसी के राज में बेरोजगारी चरम पर है और परीक्षा माफिया युवाओं के भविष्य के साथ खेल रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर युवाओं को लामबंद कर राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी शुरुआत आज से हो चुकी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने सरकार पर आपदा काल में परीक्षा कराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार यदि परीक्षा स्थगित करती तो बेहतर होता, लेकिन पेपर लीक ने युवाओं का विश्वास पूरी तरह तोड़ दिया है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्वालिटी चौक पर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, मनीष नागपाल, राजेंद्र शाह, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, प्रतिमा सिंह, सावित्री थापा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।