राजभवन परिसर में ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन, भगीरथ प्रतिमा का अनावरण

देहरादून,

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में निर्मित ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महान राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया।

करीब 10 फीट ऊँची इस प्रतिमा को 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित किया गया है। हरिद्वार के प्रख्यात कलाकार शिवम चौरसिया ने इसे फाइबर और रेज़िन से तैयार किया है।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। उन्होंने कहा कि यहाँ नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर उस दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोककल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति दोनों मार्ग प्रशस्त कर देते हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले प्रत्येक नागरिक और अतिथि को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने कहा कि ‘‘भगीरथ प्रयत्न’’ ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है और यह प्रतिमा उसी का प्रतीक बनकर सदैव प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *