देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को घंटाघर, देहरादून से ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘नमो युवा रन’ का फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों संग दौड़ लगाकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
सीएम धामी ने कहा कि यह रन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में ऊर्जा, स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनभागीदारी को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से देशभर में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को नई गति मिल रही है और ‘सेवा पखवाड़ा’ इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, कार्यक्रम संयोजक विपुल मैदोली, सह संयोजक देवेंद्र बिष्ट समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।