आदि कैलाश परिक्रमा प्रोमो रन का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, 2 नवंबर को गूंजी से होगी ऐतिहासिक अल्ट्रा मैराथन

देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) प्रोमो रन का फ्लैग ऑफ किया और कार्यक्रम का लोगो भी लॉन्च किया। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह ऐतिहासिक आयोजन आगामी 2 नवंबर 2025 को पिथौरागढ़ जिले के गूंजी गांव से होगा।

यह मैराथन 10,300 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पहल सीमांत क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यटन इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की वाइब्रेंट विलेज योजना को बल देने वाला कदम बताया। सीएम ने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों की पहचान बढ़ाने, होम-स्टे एवं पर्यटन क्षेत्र में स्थायी रोजगार सृजन का भी अवसर देगा।

रविवार को आयोजित प्रोमो रन में बच्चों, युवाओं और सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का समापन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद् कार्यालय में हुआ।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 10 किलोमीटर की इस दौड़ में शीर्ष 3 विजेताओं को 2 नवंबर को गूंजी में आयोजित होने वाली मुख्य मैराथन में भाग लेने का मौका मिलेगा। इस आयोजन की पांच श्रेणियाँ रहेंगी –

  • 60 किमी (अल्ट्रा रन)

  • 42 किमी (फुल मैराथन)

  • 21 किमी (हाफ मैराथन)

  • 10 किमी रन

  • 5 किमी रन

देशभर से एथलीट इसमें शामिल होंगे।

गर्ब्याल ने यह भी कहा कि इस मैराथन की सफलता के बाद जून 2026 में माणा-नीति क्षेत्र में अगला आयोजन प्रस्तावित है। व्यास और नीति घाटी की मैराथन में विजेताओं के लिए कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि रखी गई है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रूहेला, पूजा गर्ब्याल और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *