देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रीगणों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 22 सितंबर से लागू होने वाली जी.एस.टी. की नई दरों और स्वदेशी अभियान पर समीक्षा की।
सीएम ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया और कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तेज़ी से पहुँचे, इसके लिए प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 22 से 29 सितंबर तक प्रभारी मंत्री अपने जिलों में और विधायक अपनी विधानसभाओं में जागरूकता कार्यक्रमों का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि संशोधित दरें प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती देंगी और “वोकल फ़ॉर लोकल” एवं “लोकल टू ग्लोबल” अभियान को गति प्रदान करेंगी।
धामी ने बताया कि उत्तराखंड के “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड, जी.आई. टैग वाले 27 उत्पाद और एक जनपद–दो उत्पाद योजना को नए कर ढांचे से बड़ा लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद और स्वरोज़गार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में ठोस कदम होगा।
उन्होंने सभी विभागों और निकायों से ग्राम सभाओं व नगर निकायों में बैठकें आयोजित कर लोगों तक विस्तृत जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि संदेश को प्रभावी बनाने के लिए नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मीडिया प्लेटफॉर्म्स का सहारा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि नई दरें लागू होने के बाद न केवल व्यापार सुगमता बढ़ेगी बल्कि उपभोक्ता और उत्पादक दोनों को फायदा होगा। छोटे उद्यमी भी अब राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जुड़ सकेंगे।
इस बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।