देहरादून ,
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने जनता और पुलिस के बीच बेहतर संबंध और विश्वास बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। अब फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में थाना बहादराबाद में “थाना दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर स्वयं थाने पहुंचे और फरियादियों की शिकायतें सुनीं। मौके पर ही लगभग 10 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को दी जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य है कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े और नजदीकी स्तर पर ही उनकी शिकायत का निस्तारण हो सके।
हरिद्वार पुलिस की इस पहल से न केवल फरियादियों को राहत मिलेगी बल्कि पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास भी मजबूत होगा। पुलिस का मानना है कि इससे अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की स्थिति में भी सुधार होगा।
“थाना दिवस” अब जनपद के सभी थानों में अलग-अलग तिथियों पर नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।