भविष्य में एक ही भवन में मिलेंगी सभी प्रशासनिक सेवाएँ : सीएम धामी – uttarakhandawaaz.in

भविष्य में एक ही भवन में मिलेंगी सभी प्रशासनिक सेवाएँ : सीएम धामी

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन, प्रशासनिक सुधार और सेवा वितरण पर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।

मुख्यमंत्री ने थराली क्षेत्र को धराली की तर्ज़ पर विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हालिया आपदाओं से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुँचाई जाए और पुनर्वास कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। इसी क्रम में जोशीमठ में भी राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से आरंभ करने के निर्देश दिए गए।

राज्य विधानसभा की रजत जयंती के अवसर पर आगामी नवंबर में दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में राज्य की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा होगी।

प्रशासनिक सुगमता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भविष्य में एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी और बीडीओ के कार्यालय एक ही छत के नीचे एकीकृत रूप से स्थापित किए जाएंगे। इससे जनता को सरकारी सेवाओं तक एक ही स्थान पर आसानी से पहुँच मिल सकेगी।

ग्राम स्तर पर सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए सप्ताह में एक दिन पंचायत भवन में पंचायत सचिव, ग्राम विकास अधिकारी, आशा और आँगनबाड़ी कार्यकर्त्री की उपस्थिति अनिवार्य होगी, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।

सीएम धामी ने अधिकारियों को सभी निर्णयों के तत्काल क्रियान्वयन के निर्देश दिए और कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, अपर पुलिस महानिदेशक ए. पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *