राज्यपाल का उत्तरकाशी दौरा: धराली और मुखबा में आपदा प्रभावितों से मिले, हरसंभव मदद का भरोसा

उत्तरकाशी ,

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने सोमवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों धराली और मुखबा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीधे पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

राहत कार्यों का लिया जायजा

राज्यपाल ने मुखबा में जिला प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों से आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और दीर्घकालिक समाधान पर ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि लोग जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

प्रभावितों को दिलाया भरोसा

धराली से आए आपदा पीड़ित परिवारों से मिलकर राज्यपाल ने कहा –

“संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार और पूरा प्रशासन आपके साथ मजबूती से खड़ा है।”

जवानों की सराहना

राज्यपाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में कार्यरत सभी एजेंसियों के समन्वय और परिश्रम की प्रशंसा की। विशेष रूप से उन्होंने 14 राजपूताना रेजीमेंट के जवानों की हिम्मत और सेवाभाव को सराहा। राज्यपाल ने कहा कि यह जवान स्वयं आपदा से प्रभावित होने के बावजूद राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे रहे, जो मानवता की सच्ची सेवा और साहसिक कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *