प्रदेश में आयुर्वेद को मिलेगा बढ़ावा: सीएम धामी

देहरादून,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य में आयुर्वेद को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रत्येक जनपद में एक-एक मॉडल आयुष गांव विकसित किया जा रहा है और 50 नए योग एवं वेलनेस केंद्र स्थापित करने की योजना पर कार्य जारी है।

सोमवार को ओल्ड राजपुर स्थित एक होटल में आयोजित 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो प्रोसीडिंग विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल प्रदेश के लिए गर्व की बात है, बल्कि आयुर्वेद के क्षेत्र में अनुसंधान, नीति-निर्माण और जन स्वास्थ्य की दिशा तय करने में अहम योगदान देगा।

आयुर्वेद की वैश्विक पहचान

सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस और एक्सपो के जरिए भारत ही नहीं, विदेशों में भी यह संदेश गया कि आयुर्वेद से उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है, साथ ही सनातन संस्कृति के “सर्वे सन्तु निरामयाः” के संदेश को भी व्यापक रूप से पहुंचाया गया। उन्होंने विज्ञान भारती के “विज्ञान विद्यार्थी मंथन” की भी सराहना की, जो युवाओं में विज्ञान और अनुसंधान की प्रवृत्ति को बढ़ावा दे रहा है।

उत्तराखंड की औषधीय विरासत

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से औषधीय संपदा और आयुर्वेद का केंद्र रहा है। यहां की पर्वतीय जड़ी-बूटियां आयुर्वेदिक उपचार का आधार रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित आयुष मंत्रालय की सराहना करते हुए कहा कि ‘राष्ट्रीय आयुष मिशन’ और ‘प्रकृति परीक्षण अभियान’ जैसी योजनाएं गांव-गांव स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं।

प्रदेश में आयुष की स्थिति और योजनाएं

  • राज्य में वर्तमान में 300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित

  • ई-संजीवनी पोर्टल के जरिए 70+ विशेषज्ञ ऑनलाइन परामर्श दे रहे

  • हर जनपद में 50 और 10 बेड क्षमता वाले आयुष अस्पताल स्थापित किए जा रहे

  • उत्तराखंड आयुष नीति से औषधि निर्माण, शिक्षा, शोध और पौध उत्पादन को गति

  • आयुष टेली-कंसल्टेशन और 50 नए योग एवं वेलनेस केंद्र स्थापित करने की योजना

  • अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया

सम्मान और विमोचन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग की कॉफी टेबल बुक और “विज्ञान विद्यार्थी मंथन” प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया। आयुर्वेद को बढ़ावा देने में योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, आरएसएस प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, निदेशक आयुष विजय जोगदंडे और विभिन्न गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *